भूमि विवाद में भाइयों में मारपीट, वीडियो वायरल
सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली क्षेत्र के मैनहिया गांव में चार बेटों को जायदाद से बेदखल कर एक बहू के नाम से भूमि रजिस्ट्री करने की बात पर शनिवार की शाम जमकर मारपीट हुई। मारपीट का वीडियो भी वायरल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस चारों भाइयों को थाने लाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मैनहिया गांव निवासी जग्गू के चार पुत्र अमेरिका, श्याम सुंदर, चंद्रिका आदि हैं और चारों अलग-अलग रहते हैं। जग्गू अपने बेटे अमेरिका के साथ रहते हैं। आरोप है कि अमेरिका ने पिता को बहला-फुसलाकर अपनी पत्नी लालमति के नाम से संपत्ति की रजिस्ट्री करा ली। जानकारी होने पर तीन भाइयों ने विरोध शुरू किया।
शनिवार की शाम चारों भाइयों की पत्नियों में मामले को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हो गई और कुछ देर बाद मारपीट होने लगी। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। एसओ लोटन अभिमन्यु सिंह का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।