स्वास्थ्य केंद्रों पर बनाए गए बुखार सहायता केंद्र
सिद्धार्थनगर। वायरल बुखार के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पीड़ितों के लिए सहायता केंद्र एवं हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके संचालन में कोताही मिलने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह चेतावनी जिलाधिकारी दीपक मीणा ने दी।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 11 ईटीसी एवं दो मिनी पीआईसीयू स्थापित हैं, जहां 1328 रोगी भर्ती हुए हैं। इस दौरान 1260 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 68 रेफर किए गए। उन्होंने बताया कि सभी ज्वर रोगियों को हेल्प डेस्क के माध्यम से चिह्नित करते हुए आवश्यकतानुसार जांच (मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड, चिकनगुनिया, जेई एवं स्क्रब टाइफस) कराई जा रही है। बुखार से पीड़ित के लिए अलग से बेड्स तैयार किए गए हैं। विशेष अभियान 16 सितंबर तक चलेगा।
टीकाकरण से वंचित दो वर्ष तक के बच्चे, 45 वर्ष से ऊपर कोरोनारोधी टीकाकरण से वंचित, क्षय रोगी, ज्वर एवं कोविड लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान कर लाइन लिस्ट तैयार की जानी है। इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। उसका नंबर 05544222716 है। अभियान के दौरान गांवों में फागिंग, नाली सफाई, गांवों की सफाई, हैंडपंप मरम्मत आदि कार्य कराया जाएगा। डीएम ने बताया कि सुअर पालकों को बाड़ों की सफाई आदि के बारे में जागरूक करने के लिए सीवीओ को निर्देशित किया गया है, जबकि बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रत्येक स्कूल में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।