बांसी। दोपहर में हंसते खेलते हुए भैंस चराने के लिए घर से निकली बालिका की लाश शाम चार बजे गांव के बाहर विद्यालय के पास बोरे में मिली। बालिका के गले पर खरोंच के निशान होने से लोग कई प्रकार की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
यह घटना हुआ बांसी कोतवाली क्षेत्र के नेऊसा गांव में। यहां के निवासी देवी प्रसाद की 12 वर्षीय पुत्री अंजू रविवार दोपहर 12 बजे घर से भैंस चराने के लिए निकली थी। शाम लगभग चार बजे ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के पास बोरे में बंधा कुछ सामान देखा। उन्होंने जब बोरे को खोला तो उसमें लाश देखी। इसकी खबर गांव में फैल गई, लोग जुटे तो बोरा खोलकर लाश निकाली तो वह देवी प्रसाद की पुत्री अंजू की निकली। उसके गले पर खरोच व चोट के निशान भी थे। घटना की सूचना पाते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया। घटना से गांव के लोग दहशत में है। लोग अंजू की मौत को लेकर कई प्रकार की चर्चा कर रहे हैं। कोतवाल रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।