बदायूं। नया साल आने में कुछ घंटे बचे हैं। शहर के होटलों और रेस्टोरेंटों में न्यू ईयर सेलिब्रेशन को विशेष तैयारी है। शहर के एक नामचीन होटल में टिकट काफी महंगा रखा गया है। उधर, नए साल को धमाल में हुड़दंग करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने भी तैयारी कर ली है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस के साथ पीएसी भी रहेगी।
होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को 31 दिसंबर की रात और एक जनवरी का इंतजार रहता है। इसकी तैयारी भी पहले से की जाती है। हालांकि ज्यादातर होटल वाले गुपचुप तरीके से तैयारी करते हैं। सोमवार देर रात तक न्यू ईयर सेलिब्रेशन होगा। नए जोड़ों के लिए होटलों में खास व्यवस्था की गई है। डिनर पार्टियों के इंतजाम भी किए गए हैं।
नए साल पर लोग हुड़दंग न करें इसको लेकर सोमवार को पुलिस खास अलर्ट रहेगी। एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के नवादा, पथिक चौक, होटल कंट्री इन, सभी मॉल, रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी मुस्तैद रहेंगे। सभी थानेदार और चौकी इंचार्ज अपने इलाके में खास नजर रखेंगे। मोबाइल पार्टियां अपने क्षेत्र में घूमती रहेंगी। हंगामा करने वाले किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।