कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे संविदा स्वास्थ्यकर्मी
सिद्धार्थनगर। वेतन विसंगति को दूर करने सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में बृहस्पतिवार को संविदा स्वास्थ्य कर्मी कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले सीएमओ कार्यालय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में संविदा कर्मियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया।
जिलाध्यक्ष मनीष कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार संविदा कर्मियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का शोषण किया जा रहा है, जिसे संगठन अब बर्दाश्त नहीं करने वाला। हर बार केवल आश्वासन मिलता है। इस बार मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा पर नियुक्त हुए कर्मियों को अन्य राज्यों की तरह नियमित किया जाए। वेतन विसंगति को दूर किया जाए। सातवां वेतन आयोग का लाभ दिया जाए। इच्छा रखने वाले कर्मचारियों का गैर जनपद स्थानांतरण किया जाए। इसके अवाला अन्य मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
इस दौरान डीसीपीएम मानबहादुर, प्रमोद संत, दिनेश मिश्रा, सतीश चंद्र वर्मा, जिला संयोजक डॉ. अनूप यादव, समीर सिंह, हरीश यादव, रवि प्रकाश चौधरी, सतीशंचद्र वर्मा, उस्मान खान, विनय कुमार भारती, रमेश कुमार भास्कर, अनस अंसारी आदि मौजूद रहे।
इटवा सीएचसी पर स्वास्थ्य कर्मियों ने दिया धरना
इटवा। एनएचएम संविदा कर्मियों और आशा बहुओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को सीएचसी परिसर में धरना दिया। सीएमओ को संबोधित सात सूत्री मांग पत्र सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीके वैद्य सौंपा और समस्याओं के समाधान की मांग की। इस मौके पर अनिल यादव, सुरेश मिश्र, जितेंद्र त्रिपाठी, अमित मिश्रा, संजय चौधरी, हिमांशु, पूनम यादव, सीमा यादव, रेनू यादव, नेहा पांडेय, किरन, प्रगति, देशराज, सपना, सीमा, विजयलक्ष्मी आदि मौजूद रहीं।