बाइक फिसलने से गिरकर युवक की मौत
बांसी। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के असनहरा मंदिर से लगभग 100 मीटर दक्षिण एनएच-233 पर बाइक फिसलने से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हाल में उसे जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। बांसी कोतवाली क्षेत्र के नरही बुजुर्ग निवासी पवन कुमार (35) पुत्र श्यामलाल और उसी गांव के विवेक दुबे (26) पुत्र विकास दुबे किसी कार्य से बाइक से थाना शिवनगर क्षेत्र के रामनगर चौराहे की ओर गए थे। लौटते समय रोड पर पड़ी छोटी गिट्टियों पर बाइक फिसल गई। घटना की सूचना पर हमराहियों सहित मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष महेश सिंह ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलौली पहुंचाया।
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले पवन कुमार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विवेक दुबे को जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।