ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बालक की मौत
भवानीगंज। थाना क्षेत्र के भिटौरा चौराहे के पास बुधवार को साइकिल सवार बालक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। इस हादसे में बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालक ननिहाल में आया था।
गोंडा जनपद के खोड़ारे थाना क्षेत्र के चंद्रदीप घाट गांव निवासी मयंक जायसवाल (12) पुत्र अशोक जायसवाल भवानीगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा स्थित अपने ननिहाल में साइकिल से बुधवार को आ रहा था। गांव के पास पहुंचा ही था कि तभी भड़रिया की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में वह आ गया। उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता अशोक जायसवाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।