घर के दरवाजे से ट्रैक्टर ले जाने पर मारपीट, महिला जख्मी
- गंभीर हाल में महिला जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
- डुमरियागंज क्षेत्र के भलुआही गांव की घटना
संवाद न्यूज ऐजेंसी
औराताल। डुमरियागंज क्षेत्र के भलुआही गांव में बृहस्पतिवार रात घर के दरवाजे से ट्रैक्टर ले जाने को लेकर विवाद हो गया। मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
क्षेत्र के भलुआही गांव निवासी ओम प्रकाश मिश्र के मुताबिक बृहस्पतिवार की रात 10 बजे उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी का कार्य कर वापस घर जा रहा था। इसी बीच गांव के विचार दास के घर के सामने पहुंचा तो उनके घर के लोग रोककर हमारे घर के सामने से ट्रैक्टर ट्रॉली ले जाने के लिए मना किया। सत्यप्रकाश व इंद्र मणि ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाने लगे, जिस पर बिंजर दास के लड़के रणजीत, प्रदीप, पिंगल, सिंगल व बिंजर दास ने ईंट पत्थर व लाठी डंडे से हमला कर दिया। बीच बचाव में आई माता ऊषा देवी की पत्थर लगने से नाक की हड्डी टूट गई तथा छोटे भाई की पत्नी सरिता को हल्की चोट आई। रात में घायल ऊषा को इलाज के लिए सीएचसी बेंवा ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्यूआरटी टीम तैनात कर दी गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज सूर्यभान सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।