भिनगा के राजकीय इंटर कलेज में आयोजित वोटर अड्डा कार्यक्रम में मौजूद छात्राएं
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जब तक प्रत्येक मतदाता स्वस्थ मन से मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान नहीं करेगा। तब तक देश प्रदेश व जिले का विकास नहीं होगा। ऐसे में जरूरी है कि मतदाता जाति धर्म वर्ग समुदाय से परे हो स्वच्छ छवि के पढ़े लिखे प्रत्याशी के पक्ष में ही मतदान करे। जिस दिन ऐसा हुआ उस दिन स्वच्छ छवि की सरकार विकास को ही प्राथमिकता देगी। यह विचार शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज भिनगा में अमर उजाला द्वारा आयोजित वोटर अड्डा में नव मतदाताओं का था।
राजकीय इंटर कॉलेज भिनगा में आयोजित अमर उजाला के वोटर अड्डा में मौजूद छात्रा ललिता देवी ने कहा कि हमारा मानना है कि विभिन्न पर्वों की भांति मतदान भी राष्ट्रीय महापर्व है। मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी धर्म समुदाय के लोगों को जाति-पांत, धर्म-समुदाय, मजहब की दीवार गिराकर निष्पक्ष होकर मतदान करना चाहिए। हमें जब अपना प्रतिनिधि चुनना हो तो भाई, भतीजावाद व क्षेत्रवाद से परे होकर विकास पुरुष को ही चुने। जिस दिन ऐसा हुआ उस दिन क्षेत्र की ही नहीं देश व प्रदेश की छवि भी बदलेगी। जाति-धर्म की दुहाई देकर अपना उल्लू सीधा करने वाले नेता तब विकास को प्राथमिकता देंगे।
चंद्रकला ने कहा कि जिस दिन हम सभी वोटर स्वस्थ मन से मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान करेंगे। उस दिन देश में परिवर्तन आएगा। मतदाता जाति-धर्म से परे हो बिना किसी लोभ व प्रलोभन के विकास पुरुष को ही अपना मत दें। सब्ज बाग व झूठे वादे करने वाले प्रतिनिधि व राजनीतिक दलों से दूर रहकर स्थानीय समस्याओं के प्रति गंभीर प्रतिनिधि के पक्ष में मतदान करें। जिससे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो सके।
हासरून ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी कई समस्याएं जिले में मौजूद हैं। जिनका स्थायी हल नहीं हो सका है। इसका कारण मतदाताओं का जाति धर्म के आधार पर मतदान करना है। जिस दिन हम जाति-धर्म से परे होकर शत-प्रतिशत मतदान करेंगे उस दिन जिले में विकास की गंगा बहेगी। ऐसे में 27 फरवरी को हमें सारे काम छोड़ सबसे पहले मतदान करना होगा। अंजू देवी ने कहा कि आज सभी राजनीतिक दल प्रत्याशी एक-दूसरे की कमी गिना रहे हैं। चुनाव बाद सब एक साथ हो जाते हैं। मतदाताओं को चाहिए कि वह नेताओं के बहकावे में न आकर स्वस्थ मन व मस्तिष्क से विचार कर विकास को प्राथमिकता देने वाले के पक्ष में मतदान करें। मतदान हमारा राष्ट्र धर्म है। 27 फरवरी को हम अपने राष्ट्र धर्म का निर्वहन करें। मत करते समय हम विकास को प्राथमिकता देने वाले प्रतिनिधि को महत्व दें। जिससे हमारा चुना नुमाइंदा सदन में पहुंच कर क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास करे।