श्रावस्ती। जिले में मंगलवार से वृहद पौध रोपण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसका शुभारंभ जिले के नोडल अधिकारी व मंडलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय सीताद्वार व सांसद ने जमुनहा में पौधरोपण कर किया। इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने भी पीपल, बेल आदि के पौध रोपित किया। साथ ही जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक भूमि व भवन परिसर में विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपित किए गये। वक्ताओं ने कहा कि जीवन को संतुलित बनाने के लिए पौधरोपण जरूरी है।
कार्यक्रम की शुरुआत करने आए नोडल अधिकारी व मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश को हरा-भरा करने का संकल्प लिया है जो साकार हो रहा है। इस वृहद पौधरोपण से निश्चित ही लोग लाभान्वित होंगे। वृक्ष हमारे लिए कई प्रकार से लाभदायक होते हैं। इनकी पत्तियों, छाल व जड़ों से हम विभिन्न प्रकार की औषधियां बनाते हैं। वहीं, जमुनहा में सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने पौधरोपण के दौरान कहा कि प्राचीन काल से ही वन मनुष्य के जीवन में विशेष महत्व रखते थे। ये मानव जीवन के लिए प्रकृति के अनुपम उपहार हैं। हमारे वन पेड़-पौधे ही नहीं अपितु तमाम उपयोगी जीव-जंतुओं व औषधियों का भंडार हैं। इससे गिर रहे जलस्तर को भी रोका जा सकेगा।
इस दौरान उन्होंने बरगद का पौधा भी रोपा। वहीं, एसपी अरविंद कुमार मौर्य व सीडीओ अनुभव सिंह ने अशोक का पौधा रोपित किया। डीएम नेहा प्रकाश ने आंवले का पौधा रोपित किया। इसके बाद कई स्थानों पर जाकर पौध रोपण कार्यक्रम का जायजा भी लिया। इस दौरान श्रावस्ती विधायक रामफेरन पाण्डेय ने केंद्रीय विद्यालय भिनगा, भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा ने गुलरा जंगल के पास, सीडीओ ने गिलौला के रघुनाथपुर व बरदेहरा भारीं व एडीएम कमलेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में सागौन, सहजन, शीशम, अर्जुन, जामुन, आम, महुआ, कटहल, आंवला, पीपल, पाकड़, यूकेलिप्टस, नीम, बरगद आदि के पौधे का रोपित किए।
इकौना (श्रावस्ती)। स्वर्गीय श्यामता प्रसाद चौधरी महिला महाविद्यालय में मंगलवार को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सांसद ने पौधरोपण किया। सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने कहा कि पौधरोपण से बड़ा पूण्य और कुछ भी नहीं हो सकता। पौधों के रोपण से न केवल धरा हरी-भरी होगी बल्कि जीवन देने वाली ऑक्सीजन की कभी कमी नहीं होगी। हम प्रतिवर्ष एक-एक पौधा ही लगाएंगे तो बड़े पैमाने पर पृथ्वी पर हरियाली बढ़ेगी। प्राचार्या डॉ. सिम्मी तिवारी ने कहा कि एक पेड़ का रोपण सौ पुत्रों के बराबर है। इस दौरान शैनलता द्विवेदी, संगीता व गीता चौधरी के अलावा महाविद्यालय की छात्राओं ने पौधरोपण किया। इस मौके पर आशुतोष पांडे सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
कटरा। महामाया राजकीय महाविद्यालय, श्रावस्ती में डॉ. राजीव रंजन की मौजूदगी में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण के संतुलन की महत्ता बताई। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ. आशुतोष मिश्र, डॉ. धर्मेंद्र गुप्त, डॉ. श्याम नारायण वर्मा, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. उपेंद्र कुमार सोनी, राजबहादुर जायसवाल आदि मौजूद रहे।