श्रावस्ती। कोविड प्रोटोकाल के अनुपालन में बरती जा रही लापरवाही भारी पड़ रही है। इसके चलते ही नए संक्रमित मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा। बीते 24 घंटे में 44 नए मरीजों में जांच के बाद कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि राहत वाली बात यह है कि 64 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। मौजूदा समय जिले में 146 कोरोना के सक्रिय मामले हैं। वैश्विक महामारी कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रान को देखते हुए पहले से ही अलर्ट जारी है।
जिले में मिले 44 कोरोना संक्रमितों में रतनपुर, सागर गांव, राजापुर, लक्ष्मन नगर, मदरहवा में, नत्थापुरवा में एक एक मरीज मिला। इसके साथ ही एसएसबी कैंप में दो, चहलवा , परसा डेहरिया , धोबियनपुरवा , अमवा , कव्वापुर, चौबेपुरवा , लालनगर, रुपईडीह , लालपुर, तिलकहवा, भंभेपारा में एक एक पीड़ित के साथ ही डीएम आवास में तीन लोग जांच में संक्रमित पाए गए। अब तक कुल 648710 लोगों की जांच कराई गई। इनमें से 647836 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। जबकि 874 लोगों की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। सभी संक्रमित होम क्वारंटीन किए गए हैं। चिकित्सकों ने सभी से अनिवार्य रूप से मास्क लगाने के साथ साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की अपील भी की है।