श्रावस्ती। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर बुधवार को आदि शक्ति जगत जननी माता जगदंबा के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा अर्चना कर आराधना की। इस दौरान देवी मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ रही। इस मौके पर पूजन पंडालों में महाआरती का आयोजन भी किया गया। पूजा अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण भी भक्तों में हुआ।
अष्टभुजी व असुरों का संहार करने वाली महागौरी धन धान्य गृहस्थ, अखंड सौभाग्य, सुख एवं शांति की प्रतीक हैं। मां के पूजन से भक्तों को उनकी कृपा प्राप्त होती है। इसी मान्यता के चलते देवी मंदिरों में भक्तों ने पूजन व हवन सहित अन्य अनुष्ठान भी किए। वहीं अष्टमी का व्रत रखने वाले भक्तों ने हवन पूजन व कन्या भोज कराकर देवी मां का आशीष प्राप्त किया। इस शुभ मौके पर भिनगा नगर सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में देवी मंदिरों पर लोगों ने बच्चों के मुंडन संस्कार सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया। दुर्गा पूजा स्थलों पर सुबह से ही देवी भक्त उनकी आराधना के लिए आने लगे।
यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। भिनगा नगर के ईदगाह तिराहा स्थित दुर्गा पूजन स्थल पर मां की महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान मां के गुणगान वाले गीतों से पूरा इलाका गूंजता रहा। भक्तों ने भी घरों में यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन कर मां की पूजा अर्चना की। अब गुरुवार को नवमी पर हवन पूजन के साथ कन्या भोज का आयोजन कर नवरात्र का विधि विधान से पारण किया जाएगा।