श्रावस्ती। मिशन शक्ति फेज 3 के तहत महिलाओं को बाजार व चौराहों पर महिला बीट पुलिस अधिकारी व शक्ति मोबाइल जागरूक कर रही है। गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं व युवतियों को उनके अधिकार बता रही है। अभियान रविवार को सिरसिया अंतर्गत मेढ़किया, घोघवा, बेचईपुरवा व विभूति नाथ मंदिर सहित कई स्थानों पर चलाया गया।
विभूतिनाथ मंदिर में चौपाल के दौरान प्रभारी निरीक्षक एएचटीयू चौथी राम यादव ने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। मेढ़किया गांव में चौपाल के दौरान शक्ति मोबाइल टीम में मौजूद महिला आरक्षी संज्ञा भारती व सुषमा सिंह ने कहा कि कहीं कोई मनचला आपको परेशान करने का प्रयास करे तो घबराएं नहीं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए टोल फ्री नंबर पर काल कर पुलिस को सूचना दें।
शिकायत करने वालों का नाम पता गोपनीय रखा जाएगा। महिला आरक्षी सोनी देवी ने मौजूद महिलाओं व युवतियों को तमाम हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी। अर्जिता यादव ने द्वारा बालिकाओं व ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं तथा बच्चियों को अमृत महोत्सव, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए बनाए गए कानून एवं नियमों के बारे में जानकारी देते हुए पंपलेट वितरण किया। (संवाद)