सिरसिया (श्रावस्ती)। बभनी गांव के निकट शनिवार शाम एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार पति-पत्नी व पुत्र मार्ग पर ही दूर जा गिरे। एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी सिरसिया लाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो अन्य को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया है।
सिरसिया के पूरेप्रसाद निवासी किशनू विश्वास (40) पुत्र नारायण शनिवार को मोटरसाइकिल से तालबघौड़ा जा रहा था। इस दौरान बाइक पर उसके साथ उसकी पत्नी लिपिका (38) व पुत्र कुशल (9) भी मौजूद थे। जैसे ही किशनू चिल्हरिया मोड़ से आगे बभनी मार्ग पर पहुंचा। राजपुर मोड़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें पुत्र समेत दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया लाया गया। जहां चिकित्सकों ने किशनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी लिपिका व पुत्र कुशल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। वहीं सिरसिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। (संवाद)