श्रावस्ती। मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा गुरुवार से जिला प्रशासन को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। साथ ही अवैध रूप से टैक्सी स्टैंड लगाने वालों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा उनकी संपत्ति जब्त कर मार्ग किनारे से अवैध स्टैंड को 24 घंटे में हटाने का निर्देश दिया गया है। जिसका जिले में पहले दिन अनुपालन नहीं हो सका। निर्देश के बाद भी जिले में मार्ग की पटरियों पर अतिक्रमण कर अवैध टैक्सी स्टैंडों का संचालन किया जा रहा है।
जिले में मुख्यालय भिनगा स्थित परसा मार्ग, दहाना बस स्टैंड के निकट, खलवा बाजार, ईदगाह तिराहे के निकट मुख्य मार्ग की पटरियों से अवैध रूप से टैक्सियों का संचालन किया जा रहा है। यही स्थिति बौद्ध परिपथ की है। जिस पर गिलौला, इकौना, कटरा व मोहनीपुर तिराहे पर अतिक्रमण कर उसे टैक्सी स्टैंड के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। ऐसा ही हाल खरगौरा मोड़, लक्ष्मननगर, बरदेहरा मोड़, भंगहा मोड़, कानीबोझी, परसा, जमुनहा, बदला, तुलसीपुर, सिरसिया बाजार, तालबघौड़ा, लक्ष्मनपुर बाजार, जोखवा बाजार, मथुरा बाजार, सेमरी चौराहा, सेमगढ़ा मोड़, खरगूपुर मोड़, खुटेहना मोड़, तिलकपुर मोड़ सहित अन्य स्थानों का है। जहां अतिक्रमण कर मार्ग की पटरियों को अवैध स्टैंड के रूप में प्रयोग किया जा रहा है।
इस काम में प्राइवेट बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन भी शामिल हैं। जिनके द्वारा मार्ग की पटरियों को स्टैंड के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। जबकि मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर बृहस्पतिवार से जिला प्रशासन को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अवैध रूप से टैक्सी स्टैंड लगाने वालों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा उनकी संपत्ति जब्त कर मार्ग किनारे से अवैध स्टैंड को 24 घंटे में हटाने का निर्देश दिया गया है। इतना ही नहीं पटरी दुकानदारों के लिए स्थान चिह्नित न होने के कारण मार्ग सकरे होते जा रहे हैं। यही हाल साइकिल स्टैंडों का भी है। इसके चलते जिले के प्रमुख मार्ग जहां अतिक्रमण की चपेट में हैं। वहीं आए दिन दुर्घटनाएं भी घटित हो रही हैं। इसके बावजूद अभियान न चलाए जाने से समस्या बढ़ती जा रही है। जिस पर ध्यान न दिए जाने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई।