श्रावस्ती। ब्लॉक कार्यालय परिसर सिरसिया में बुधवार को विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक, ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी व उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित हुई। जिसमें मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सिरसिया की छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ की।
इस दौरान खंड शिक्षाधिकारी सिरसिया भारत भूषण ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के संचालन में विद्यालय प्रबंध समितियों का विशेष योगदान है। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, सचिव व ग्राम प्रधान आपस में सामंजस्य बैठाकर यह प्रयास करें कि उनके गांव के विद्यालय का पठन-पाठन का कार्य बेहतर हो। साथ ही यह देखें कि उनके गांव में 10 से 14 आयु वर्ग का कोई बच्चा विद्यालय आने से वंचित न रहे। ब्लॉक प्रमुख अमित कुमार सिंह ने कहा कि सरकार परिषदीय स्कलों को कॉन्वेंट की तर्ज पर संचालित कराने के लिए संकल्पवान हैं।
यहां आने वाले बच्चों को नि:शुल्क मध्याह्न भोजन, ड्रेस व पाठ्यपुस्तक आदि प्रदान किया जा रहा है। ऐसे में आप सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और यह प्रयास करें कि आपके गांव का कोई भी बच्चा विद्यालय की शिक्षा से वंचित न होने पाए। इस मौके पर कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाओं द्वारा थारु लोकगीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान गरिमा सिंह, हेमलता यादव, शशि किरन सिंह, संतोष सोनी, जय प्रकाश मिश्र, कर्मवीर राणा सहित सिरसिया क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष व प्रभारी प्रधान शिक्षक मौजूद रहे।