श्रावस्ती। गिलौला के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय औरैया निधान का शुक्रवार को डीएम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से एमडीएम सहित शिक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए गणित, अंग्रेजी एवं अन्य विषय से संबंधित सवाल पूछे। सही उत्तर देने पर बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान डीएम कृतिका शर्मा को एमडीएम में मेन्यू के अनुसार सोयाबीन युक्त तहरी नहीं मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही बच्चों को मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं विद्यालय परिसर, किचन, पेयजल व शौचालय की सफाई बदहाल मिलने पर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। प्राथमिक विद्यालय परिसर में ही संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी लेने के साथ ही व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया।
इस दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में डीएम ने पौधरोपण भी किया। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय औरैया निधान में डीएम ने कक्षा-6, 7 व 8 के छात्र-छात्राओं से गणित, अंग्रेजी एवं अन्य विषय से संबंधित प्रश्न भी पूछे। इस दौरान बीएसए अमिता सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।