कलेक्ट्रेट सिथत स्ट्रांगरूम व मतगणना स्थल का निरीक्षण करते डीएम व एसपी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। जहां ईवीएम सुरक्षित रखी गई हैं। जिसकी निगरानी के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल को लगाया गया है। वहीं 10 मार्च को कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में मतगणना संपन्न कराई जाएगी। कहीं कोई खामी न हो इसके लिए बुधवार को जिलाधिकारी ने एसपी के साथ स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल का जायजा लिया।
विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कलेक्ट्रेट में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम व वीवीपैट मशीनें जमा की गई हैं। जिसकी सुरक्षा केंद्रीय सुरक्षा बल व सीसीटीवी के माध्यम से 24 घंटे निगरानी कराई जा रही है। डीएम नेहा प्रकाश ने एसपी अरविंद कुमार मौर्य के साथ बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगे केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने व भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन एवं चेक लिस्ट के अनुसार बिंदुवार जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मौजूद अधिकारियों को 10 मार्च को होने वाली मतगणना की सभी तैयारी युद्ध स्तर पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक ईवीएम को लाने व ले जाने के लिए बैरिकेडिंग करने, मतगणना के लिए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिससे विधानसभा निर्वाचन की मतगणना शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थापूर्ण ढंग से संपन्न की जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी, रिटर्निंग आफीसर विधानसभा क्षेत्र भिनगा व एसडीएम भिनगा प्रवेंद्र कुमार, अभिसूचना इकाई राकेश चंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।