गिलौला (श्रावस्ती)। ददौली गांव में शुक्रवार को एक युवक का शव पेड़ के सहारे गमछे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम ददौली निवासी कल्पनाथ का खेत बेड़सरी जाने वाले मार्ग पर है। शुक्रवार शाम कल्पनाथ के खेत में लगे जामुन के पेड़ से गमछे के सहारे तीस वर्षीय युवक का शव लटकता मिला। युवक के शरीर पर पैंट-शर्ट थी। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ, इकौना एमपी शर्मा के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष गिलौला विशुनदेव पांडे ने शव नीचे उतरवाया।
उसके हाथ में श्यामू-ममता लिखा था। पुलिस ने कोशिश की पर शिनाख्त नहीं हो सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष, गिलौला विशुनदेव पांडे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।