सोनवा स्टोर के निकट फोरलेन पर एसडीएम भिनगा को ज्ञापन सौंते भाकियू पदाधिकारी व कार्यकर्ता
- फोटो : SRAWASTI
तुलसीपुर / जमुनहा / इकौना (श्रावस्ती)। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को आयोजित भारत बंद का असर जिले में सड़कों तक ही सिमटा दिखा। दुकानें व बाजार खुले रहे। विरोध जताने को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कुछ प्रमुख मार्गों पर डेरा जमा अपनी मांगों के संबंध में विरोध प्रदर्शन किया। इसके चलते कई जगह आवागमन कुछ समय तक बाधित रहा। धरना प्रदर्शन के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा।
किसान भारत सरकार द्वारा बनाए गए कानून को लेकर बीते लंबे समय से आंदोलित हैं। अपनी मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए ही संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। इस दौरान भिनगा इकौना सहित अन्य बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। मांगों के समर्थन में भाकियू कार्यकर्ताओं ने सिर्फ नेशनल व राज्य हाइवे पर धरना देकर आवागमन बाधित रखा । इस दौरान कही भी कोई टकराव की स्थिति नहीं दिखी। कार्यकर्ताओं ने भिनगा बहराइच राज्यमार्ग को सोनवा थाने के पास जाम कर जिलाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा की अध्यक्षता में सोनवा स्टोर के पास महापंचायत की।
पंचायत में मौजूद कार्यकर्ताओं ने योगी व मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीएम भिनगा राजेश मिश्रा को सौंपा। इसमें प्रमुख तौर से कोरोना काल में किसानों के खिलाफ बनाए गए कृषि कानून को तत्काल वापस लेने, बिजली बिल अध्यादेश 2021 को रद्द करने व लागत मूल्य डेढ़ गुना समर्थन मूल्य पर खरीद की गारंटी का कानून बनाने की मांग शामिल थी। इकौना में प्रदेश कार्य समिति सदस्य उमाशंकर मिश्र की अध्यक्षता में बेचू बाबा तिराहे पर प्रदर्शन किया। यहां यूनियन ने एसडीएम आरपी चौधरी को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर जमुनहा में बांकेलाल चौधरी, जमुना प्रसाद वर्मा, अमेरिका प्रसाद वर्मा, जमुना विश्वकर्मा सहित काफी संख्या मे कार्यकर्ता मौजूद रहे। दूसरी तरफ बाजारों व अन्य प्रतिष्ठानों में बंद पूरी तरह बेअसर दिखा। छोटे बड़े सभी बाजार व दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रही। सतर्कता बरतने को सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त भी होती रही।