शामली में थानाभवन कस्बे के शामली बस स्टैंड पर बृहस्पतिवार दोपहर को अनियंत्रित हुए ट्रक से कुचलकर दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो महिला समेत 14 लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी व चीख पुकार मच गई। वहीं, मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने से जाम लगा रहा। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
बताया गया कि करीब दो बजे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कस्बे में शामली बस स्टैंड के निकट शामली की तरफ से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया। इसके बाद ट्रक वहां खड़ी फलों व जूस की ठेली, ई-रिक्शा, थ्री व्हीलर आदि को रौंदता हुआ नाले की पटरी से टकराकर रुका। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख पुकार मच गई।