संवाद न्यूज़ एजेंसी
चौसाना। जच्चा बच्चा केंद्र में प्रसव के बाद गांव भड़ी निवासी महिला साहिबा (22) की मौत के मामले में ऊन ब्लाॅक के चिकित्सा प्रभारी डॉ. तरुण ने स्वास्थ्य टीम के साथ पहुंचकर जांच की।
ग्राम जिजौला निवासी सत्तार की पुत्री साहिबा की शादी करीब 13 माह पहले भड़ी निवासी मुशर्रफ के साथ हुई थी। दो दिन पहले सोमवार शाम साहिबा की प्रसव पीड़ा होने पर चौसाना के जच्चा बच्चा केंद्र पर भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर रेफर कर दिया था। करनाल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई थी। मृतका के मायके पक्ष ने जच्चा-बच्चा केंद्र पर तैनात एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी।
बुधवार को ऊन ब्लॉक प्रभारी डॉ. तरुण चौधरी स्वास्थ्य टीम के साथ गांव भड़ी पहुंचे। टीम ने मृतका के ससुराल वालों से जानकारी ली। इसके बाद टीम ने जच्चा-बच्चा केंद्र पहुंचकर डिलीवरी रजिस्टर, रेफरल रिकॉर्ड और अन्य अभिलेखों आदि की जांच की। उधर, मृतका के भाई आस मोहम्मद ने आरोप लगाया कि शिकायत उनके परिवार की ओर से की गई लेकिन जांच के दौरान स्वास्थ्य टीम ने मायका पक्ष से कोई बात नहीं की। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता का पक्ष सुने बिना जांच पूरी नहीं मानी जा सकती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ऊन चिकित्सा प्रभारी डॉ. तरुण ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। सभी संबंधित पक्षों से जानकारी ली जाएगी। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।