शामली। जिला अस्पताल में कोरोना के मरीजों के उपचार के लिए की गई तैयारियों को परखा गया। सहारनपुर मंडल के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता की मौजूदगी में मॉक ड्रिल हुई। मॉक ड्रिल के दौरान व्यवस्थाओं पर नोडल अधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
कोरोना संक्रमण बढ़ने और देश में ओमिक्रॉन के केस आने पर शासन ने सभी अस्पतालों में कोरोना के मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं को परखने के लिए मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए। सोमवार दोपहर को जिला अस्पताल में बनाए गए कोविड अस्पताल में जिला नोडल अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने मॉक ड्रिल में व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान वार्ड ब्वाय बने मरीज को एंबुुलेंस से लाया जाता है। इसके बाद स्ट्रेचर पर मरीज को लेकर इमरजेंसी वार्ड में ले जाकर चिकित्सक ने जांच की और सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन दी गई। इसके बाद मरीज को पीकू वार्ड में भर्ती कर वेंटीलेटर पर रखा। इस दौरान वेंटीलेटर चलाया गया और ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था देखी। नोडल अधिकारी ने कोरोना मरीजों के उपचार की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर उद्भव त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल, सीएमएस डॉ. सफल कुमार, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. जाहिद अली त्यागी, डॉ. महिमा, डॉ. विजेंद्र कुमार, डॉ. कीर्तिमान, फार्मासिस्ट मनोज वर्मा, दीपक अग्रवाल, सुनील सैनी, स्टाफ नर्स मधु, प्रीति, रीतू सैनी, सीमा, शालूपाल व रोक्सी आदि मौजूद रहे।
बाल रोग विशेषज्ञ व फिजिशियन की जरूरत
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सफल कुमार ने बताया कि कोविड अस्पताल में मॉक ड्रिल में सभी व्यवस्थाएं सही मिली। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ व फिजिशियन की जरूरत है। इस बारे में नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एनके गुप्ता को अवगत कराया गया है।