73 बूथों पर 27 हजार लोगों को टीके लगाने का रखा लक्ष्य
शामली। कोरोना से बचाव के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाने के लिए इस महीने का पहला मेगा कैंप सोमवार को आयोजित होगा। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 73 बूथों पर टीकाकरण करने की तैयारी की है। मेगा कैंप में 27 हजार लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें पांच हजार कोवैक्सीन और 22 हजार कोविशील्ड वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। टीकाकरण में रजिस्ट्रेशन और सत्यापन के कार्य के लिए परिषदीय विद्यालयों के 142 शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों की ड्यूटी लगाई गई है।
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते शासन ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन के टीके लगाने के लिए हर महीने तीन मेगा कैंप करने के निर्देश दिए हैं। मेगा कैंप में 18 साल से ऊपर के सभी लाभार्थियों का बूथों पर ही रजिस्ट्रेेशन कराया जाएगा। अगर किसी ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पहले से किया है, तो उसे भी टीका लगाया जाएगा। वैसे तो मेगा कैंप में वैक्सीन की पहली डोज लगाई जाएगी।
पिछले महीने हुए मेगा कैंप में बूथों पर रजिस्ट्रेशन और सत्यापन का कार्य में समय लगने के कारण लाभार्थियों की भीड़ रही थी। व्यवस्था को बनाने के लिए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक बूथ पर दो शिक्षक या शिक्षामित्र की ड्यूटी रहेगी, जो लाभार्थी के सत्यापन और रजिस्ट्रेशन का कार्य करेंगे। बीएसए गीता वर्मा ने सोमवार को मेगा कैंप में 142 शिक्षकों व शिक्षामित्रों को बूथों पर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि इस माह के पहले मेगा कैंप में 27 हजार लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें पांच हजार कोवैक्सीन और 22 हजार कोविशील्ड वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। टीका लगवाने वाले लाभार्थी को आधार कार्ड लेकर जाना होगा। टीकाकरण की निगरानी के लिए लिए ब्लाकवार एसीएमओ स्तर के स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
शामली में नौ बूथों पर होगा टीकाकरण
शामली। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया शामली में सद्भावना बरातघर नौकुआं रोड, प्राथमिक विद्यालय नंबर 15 गुलशन नगर, जिला संयुक्त चिकित्सालय, कृष्णा गार्डन माजरा रोड, प्राथमिक विद्यालय नंबर 13 तेज सिंह कॉलोनी, इस्लामिया मदरसा तैमूरशाह, एकता बरातघर पंसारियान, अग्रवाल धर्मशाला और सीएचसी शामली पर टीकाकरण किया जाएगा।
386428 लोगों को लगी पहली डोज
शामली। जिले में अब तक 386428 लोगों को पहली डोज का टीका लग चुका है। इनमें 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले 151762 और 18 से 44 साल वाले 283900 लोग शामिल हैं। इसी तरह 77057 लोगों को दूसरी डोज लगी है। इनमें 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले 56226 और 18 से 44 साल वाले 20831 लोग शामिल हैं।