शामली बाईपास के कार्य में तेजी लाई जाए
शामली। प्रदेश के कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई के अफसरों की बैठक लेकर दिल्ली-शामली, सहारनपुर, मेरठ- करनाल एवं पानीपत- नगीना, खटीमा मार्ग के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे के शामली बाईपास कार्य में तेजी लाई जाए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। राणा ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष निर्माण कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने शामली बाईपास में आने वाली बाधा के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। दिल्ली- शामली, सहारनपुर निर्माण एजेंसी के परियोजना कोआर्डिनेटर दिनेश सिंघल ने अवगत कराया कि बलवा में एक प्लाट पर कब्जा नहीं होने से शामली बाईपास की प्रगति में बाधा आ रही है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मंत्री को आश्वासन दिया कि बलवा में शामली बाईपास की जद में खसरा नंबर 237 में कब्जा प्राधिकरण को करा दिया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जून तक शामली के साईं धाम मंदिर से लेकर थानाभवन तक एक लेन कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में डीएम जसजीत कौर, एडीएम अरविंद कुमार सिंह, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी सहित संबंधित जिलास्तरीय अधिकारी एवं एनएचआई से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। एडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि पानीपत- नगीना, खटीमा मार्ग के बाईपास का 219 करोड़ रुपये के सापेक्ष 205 करोड़ और मेरठ-करनाल मार्ग के बाईपास का 70 करोड़ रुपये के सापेक्ष 65 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानो को बांटा जांचुका है।