कांधला। गांव कनियान स्थित गार्गी वैदिक कन्या गुरुकुल में संस्कृत भारती के लक्ष्मीनगर विभाग की ओर से सोमवार को आवासीय संस्कृत संभाषण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में 16 वर्ष से अधिक बड़ी क्षेत्र की 60 बालिकाएं प्रतिभाग कर रही हैं।
सरस्वती वंदना के सामूहिक वैदिक मंगलाचरण के बाद निशा ने संस्कृत भारती का ध्येयमंत्र प्रस्तुत किया। मेरठ और लक्ष्मीनगर के संगठन मंत्री गौरव शास्त्री ने शिविर के कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। गुरुकुल के प्रबंधक डॉ. विकास पंवार ने अतिथि परिचय कराते हुए व्यवस्था संबंधी सूचनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. संगीता तोमर ने की। अपने संबोधन में संस्कृत संभाषण का महत्व बताया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ. अमरीश तोमर ने आवासीय शिविर को संस्कृत में वार्तालाप सीखने के अतिरिक्त अनुशासन एवं गुरुकुल जीवन जीने का एक नया अनुभव लेने का अवसर बताया। इस अवसर पर गुरुकुल की प्राचार्या स्वाति आर्या, विजय, मंजीत, डॉ. युद्धवीर सिंह तोमर आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनोद कुमार ने किया।