शामली। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से जारी पहली ओपन मेरिट के यूजी प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या पहले दिन कम रही। आरके पीजी और वीवी पीजी कॉलेज में ओपन मेरिट में 148 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया।
विश्वविद्यालय ने सोमवार को पहली ओपन मेरिट जारी कर दी थी। वीवी पीजी कालेज शामली में दाखिला लेने के लिए 359 और आरके पीजी कालेज में 300 ऑफर लेटर जमा कराए थे। वीवी पीजी कालेज में 215 सीटों पर दाखिले के लिए मेरिट जारी की थी। बुधवार को दोनों कालेजों में दाखिला लेने वाले छात्रों की संख्या कम रही। वीवी पीजी कालेज के बीए के इंचार्ज प्रताप सरोहा ने बताया कि बीए प्रथम वर्ष में ओपन मेरिट में पहले दिन 51 दाखिले हुए। पहली दो मेरिट में हुए 254 दाखिले को मिलाकर अब तक कुल 305 दाखिले हुए हैं। कुल सीटों की संख्या 512 है।
आरके पीजी कालेज में बुधवार को बीकॉम में 15, बीएससी बायो में 19, बीएससी पीसीएम में 27, बीएससी पीएसएम में चार, बीएससी कृषि में 32 दाखिले हुए हैं। पहली दो मेरिट में हुए दाखिले को मिलाकर अब तक बीकॉम में 74, बीएससी बायो में 127, बीएससी पीसीएम में 127, बीएससी पीएसएम में 41 और बीएससी कृषि में 129 दाखिले हो चुके हैं।
विश्वविद्यालय ने पहली ओपन मेरिट में 18 अक्तूबर तक दाखिले किए जाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन अब विद्यार्थियों को मात्र दो दिन ही दाखिले लेने का मौका मिलेगा। बृहस्पतिवार को श्रीराम नवमी, शुक्रवार को दशहरा का अवकाश रहेगा। शनिवार को कालेज खुलेंगे और फिर रविवार का अवकाश रहेगा। इसके बाद सोमवार को कालेज खुलेंगे।