कांधला। कांधला की रामलीला आपसी सौहार्द की मिसाल है। आईएएस, पीसीएस अधिकारियों के साथ ही जज भी यहां अभिनय कर चुके हैं। यहां की रामलीला को देखने के लिए हरियाणा से भी लोग पहुंचते हैं। दशहरे पर्व पर रावण दहन पुतला मुस्लिम समाज के लोग वर्षों से बनाते आ रहे हैं। इस बार करीब पचास फीट के रावण का पुतला बनाया जा रहा है।
कस्बे के कैराना-कांधला मार्ग पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इसमें कस्बे के साथ, बाहर से भी किरदार निभाने के लिए कलाकार आए हुए हैं। दशहरा पर्व पर रामलीला ग्राउंड में रावण पुतला करीब 50 फीट ऊंचाई का बागपत निवासी परवेज अपनी टीम के साथ मिलकर बना रहे हैं। ग्राउंड में पुतला बना रहे सलाउदीन ने बताया कि करीब 15 दिन पहले से इस पुतले को बनाना शुरू कर दिया जाता है ताकि समय से तैयार कर दिया जाए। लीला मंचन समिति के प्रबंधक रामकुमार सिंघल ने बताया कि आपसी भाई चारा कस्बे की मिसाल रहा है। पिछले करीब बीस वर्षों से मुस्लिम समाज के लोग ही रावण का पुतला बना रहे हैं। यहां पर रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद तीन पुतले दशहरा पर्व पर दहन किए जाते थे। लेकिन कोरोना महामारी के चलते अबकी बार सिर्फ रावण के पुतले का दहन होगा।