झिंझाना बिड़ौली बार्डर पर बाहर से मजदूरों की जांच करते चिकित्सक।
- फोटो : SHAMLI
शामली/कैराना/झिंझाना। दूसरे राज्यों में काम कर रहे यूपी के प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी शुरू हो गई है। शनिवार को हरियाणा में फंसे यूपी के शामली सहित वेस्ट यूपी और पूर्वांचल के कई जिलों के श्रमिकों उनके जनपदों में भेजा गया। शामली के रास्ते हरियाणा रोडवेज की बसों से आ रहे इन श्रमिकों को बॉर्डर पर रोककर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही आगे निकाला गया। शाम तक करीब 210 श्रमिक यहां पहुंचे थे। इनमें 84 शामली जनपद के थे। जिन्हें अस्थायी रुप से क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कर दिया गया।
शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हरियाणा रोडवेज की बसें इन श्रमिकों को लेकर आनी शुरू हो गई थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे पानीपत की ओर से सोनीपत से सहारनपुर जिले के 31 श्रमिकों को लेकर बस पहुंची। इसके बाद आठ बजे मुरादाबाद के 31 और आधे घंटे बाद ही फिर से मुरादाबाद के 27 मजदूर बस से पहुंचे। शाम को भी शामली के 31 श्रमिक यहां आए। उधर करनाल की ओर से झिंझाना के बिड़ौली बॉर्डर पर शाम तक शामली, बनारस, सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद के श्रमिक शाम तक आ चुके थे। इनमें 84 श्रमिक शामली जनपद के थे। रात तक इनके आने का क्रम जारी था। बॉर्डर पर ही तैनात रहे अफसर, हुई जांच हरियाणा के पानीपत की ओर से आ रही बसों को यमुना पुल बॉर्डर और करनाल की ओर से आने वाली बसों को बिड़ौली बॉर्डर पर रोक लिया गया। बसों के आते ही उसमें सवार सभी श्रमिकों का तापमान आदि सामान्य जांच की गई। शामली जनपद के श्रमिकों को यही उतार लिया गया और दूसरे जनपद के श्रमिकों को आगे भेजा गया।
ये थी व्यवस्था
एसडीएम कैराना देवेंद्र सिंह के अनुसार हरियाणा सरकार ने प्रत्येक बस में पुलिस कर्मी भेजे थे। इनके पास बस में सवार तमाम श्रमिकों के नाम की सूची, उनके मोबाइल नंबर आदि जानकारियों की लिस्ट थी। संबंधित जनपद के श्रमिकों को उस जिले के प्रशासनिक अधिकारी की सुपुर्दगी में देकर ये लिस्ट भी उन्हें दी जाएगी। इसके बाद उक्त जिले में इन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। इसके बाद घर भेजा जाएगा।
कोट
प्रशासन ने 100 बसों की व्यवस्था के लिए कहा था। शामली डिपो पर अपनी सरकारी बस नहीं है इसलिए खतौली, छुटमलपुर और जलालाबाद से 22 बसों की व्यवस्था कर ली गई थी। आरएम के माध्यम से ओर व्यवस्थाएं की जा रही थी, लेकिन प्रशासन द्वारा बाहर भेजने के संबंधी कोई निर्देश नही मिला। - मनोज वाजपेयी, एआरएम, शामली डिपो
शामली में कैराना हरियाणा बार्डर पर यूपी के मजदूरों को लेकर आई बस।- फोटो : SHAMLI
कैराना हरियाणा बार्डर पर यूपी के मजदूरों आती बस।- फोटो : SHAMLI