सहारनपुर में मंडल स्तरीय रोजगार मेला 16 को
शामली। प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के निदेशक के निर्देश पर 16 नवंबर को सहारनपुर में मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, चकराता रोड पर किया जा रहा है।
जिला सेवायोजन अधिकारी अजय कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग की वेबसाइट sewayojan.up.nic.in पर जॉब सीकर के रूप में ऑनलाइन पंजीकृत होना आवश्यक है। पंजीकृत अभ्यर्थी रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए वेबसाइट पर रोजगार मेले में सहारनपुर में प्रदर्शित हो रही कंपनियों में अपनी शैक्षिक योग्यतानुसार आवेदन कर सकते हैं। शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई डिप्लोमा आदि है। न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित है। अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में साक्षात्कार के लिए अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, बायोडाटा, सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण संख्या (एक्स-10) एवं पासपोर्ट साइज के फोटो आदि साथ लाएं। इसके लिये किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। संवाद