सांपला में डेंगू से महिला की मौत
शामली, गढ़ीपुख्ता। ऊन तहसील के गांव सांपला में डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप काफी बढ़ गया है। डेंगू के कारण बृहस्पतिवार को एक महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है गांव की सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। मच्छरों से छुटकारा दिलाने के लिए कीटनाशक व एंटी लार्वा का छिड़काव भी नहीं कराया गया।
गांव सांपला में सड़कों पर गंदा पानी जमा है, जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। सफाई व्यवस्था बिल्कुल चौपट है। जिससे मच्छर पनप रहे हैं और बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कई घरों में बुखार से पीड़ित मरीज हैं। गांव निवासी 45 वर्षीय सीमा पत्नी परवीन को तीन-चार दिन से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने के बाद बृहस्पतिवार को परिजन उसे शामली के निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए ले गए। जहां पर उसकी मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने सीमा की मौत डेंगू से होना बताया है। बाद में गमगीन माहौल में महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस संबंध में ग्राम प्रधान शिवदत्त शर्मा ने बताया कि गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती कराकर सफाई कराई गई है। पानी की निकासी न होने के कारण एक मोहल्ले में पानी भरा है। जिसके निकासी के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवजीत बेदी ने कहा कि महिला की मौत की जानकारी नहीं मिली थी। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी जाएगी।