कोरोना की तीसरी लहर के खतरे के बीच टीकाकरण की बढ़ी रफ्तार
शामली। नवंबर के त्योहारी सीजन में टीकाकरण 80 प्रतिशत से गिरकर गिरकर 20 प्रतिशत के आसपास पहुंच गया था। अब कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के कारण एक सप्ताह से कोरोनारोधी टीकाकरण रफ्तार पकड़ रहा है। अब टीकाकरण 50 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है।
दीपावली के त्योहार से पहले जिले में टीकाकरण 80 प्रतिशत से अधिक चल रहा था। त्योहारी सीजन में टीकाकरण की रफ्तार मंद पड़ गई थी। टीकाकरण 20 प्रतिशत के आसपास पहुंच गया था। उस समय स्वास्थ्य अधिकारियों ने माना था कि त्योहारों की वजह से टीकाकरण कम हुआ है, लेकिन त्योहारों के बाद भी टीकाकरण नहीं बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अधिकारियों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। ग्राम प्रधानों की बैठक लेकर टीकाकरण बढ़ाने में सहयोग मांगा, लेकिन इसके बाद भी अपेक्षित टीकाकरण नहीं बढ़ सका।
अब देश में ओमिक्रॉन के केस मिलने व आसपास के जिलों में कोरोना के केस बढ़ने पर लोगों ने टीके लगवाने में रुचि दिखाई है। एक सप्ताह से कोरोना टीकाकरण रफ्तार पकड़ रहा है। पिछले कई दिन से टीकाकरण 50 प्रतिशत से ज्यादा हो रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि कोरोनारोधी टीके लगवाने के लिए लोगों में जागरूकता आई है।
5081 लोगों को लगे टीके
शामली। बुधवार को जिले में 48 बूथों पर कोरोनारोधी टीकाकरण किया गया। इन बूथों पर 9600 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। 2371 लोगों को पहली डोज का और 2710 लोगों को दूसरा टीका लगा है। इस तरह से जिले में कुल 5081 लोगों को टीके लगे। लक्ष्य के सापेक्ष 52.93 प्रतिशत टीकाकरण हुआ।
255976 लोग पहली डोज से वंचित
शामली। जिले में भले ही कोरोनारोधी टीके की रफ्तार तेज हुई हो, लेकिन अभी भी 18 साल से अधिक आयु के 255976 लोग पहली डोज से वंचित हैं। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 18 साल से अधिक आायु के 953651 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस तरह से लक्ष्य के सापेक्ष 73.16 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। दूसरा टीका 332461 लोगों को लगा है। इस तरह से पहली डोज के सापेक्ष 47.65 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग पाई है।
जिले में टीकाकरण की स्थिति
15 दिसंबर - 52.93 प्रतिशत
14 दिसंबर - 65.18 प्रतिशत
13 दिसंबर - 63.18 प्रतिशत
12 दिसंबर - 41.79 प्रतिशत
11 दिसंबर - 47.61 प्रतिशत
10 दिसंबर - 57.10 प्रतिशत
09 दिसंबर - 58.81 प्रतिशत