भतीजे को बंधक बनाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रात को घर में घुसकर दो युवकों ने किशोर को गोली मारने की धमकी देकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। दो दिन बाद परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को दो युवकों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात को परिवार के सदस्य कस्बा कैराना में गमी में गए थे। घर पर महिला अपने दो साल व तीन साल के दो बच्चे और उसके जेठ का 17 वर्षीय पुत्र था। महिला का पति पानीपत काम पर गया हुआ था। बुधवार शाम को परिजन कोतवाली पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब दो बजे किसी ने घर का पिछला दरवाजा खटखटाया। किशोर ने जैसे ही दरवाजा खोला तो दोनों युवकों ने उसका मुंह दबोच लिया और तमंचा सटाकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो उसके बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को दोनों आरोपियों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।