- एसटी तिराहा पुलिस चौकी के निकट मुजफ्फरनगर मार्ग पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र की एसटी तिराहा पुलिस चौकी से कुछ दूर स्थित फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम में रात को बदमाशों ने सेंध लगाकर दो लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटना की जानकारी सुबह मिलने पर व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की।
कस्बा बाबरी निवासी सचिन अग्रवाल का आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में मुजफ्फरनगर मार्ग पर फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम हैं। बृहस्पतिवार देर शाम को वे रोज की तरह शोरूम बंद कर घर गए थे। शुक्रवार सुबह व्यापारी जब शोरूम पर पहुंचे और ताले खोलकर शटर उठाया तो अंदर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। शोरूम की खेत की तरफ वाली पिछली दीवार में सेंध लगी हुई पाई गई।
पीड़ित व्यापारी ने घटना की जानकारी आदर्श मंडी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेकर छानबीन की। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली,लेकिन रात में कैमरे बंद मिलने से पुलिस को कोई मदद नहीं मिल सकी।
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि रात में वे रोजाना सीसीटीवी कैमरे बंद करके घर चले जाते हैं और सुबह आने के बाद उन्हें चालू करते हैं। व्यापारी ने शोरूम से 10 -15 नए बैटरे, इन्वर्टर, इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा, कुकर व अन्य कीमती सामान चोरी होना बताया। व्यापारी ने दुकान से करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी होना बताया। व्यापारी ने शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन बदमाशों का अभी सुराग नहीं लग पाया।
शामली में शोरूम में चोरी के बाद सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस। संवाद