शामली। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि दीपावली से पूर्व एक से तीन नवंबर तक जिले में तीन स्थानों पर गंगा दीपोत्सव मनाया जाएगा। दीपोत्सव के मौके पर विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गंगा एवं उसकी सहायक नदी के आसपास की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराते हुए नदी उत्सव मनाने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि जनपद में विकासखंड शामली, कांधला, थानाभवन व कैराना के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दृष्टिगत आयोजन स्थलों पर गंगा प्रदर्शनी का आयोजन एवं विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभागों से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। 101 पौध रोपित किए जाएंगे, श्रमदान एवं अन्य गतिविधियां संचालित की जाएगी। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।