बाबरी (शामली)। थाना बाबरी पुलिस ने गांव बंतीखेड़ा के जंगल में मुठभेड़ के दौरान विद्युत लाइन तार चोरी करने वाले अंतर जनपदीय चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से गाड़ी, चोरी का तार, तमंचा, चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चारों का चालान कर दिया।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मंगलवार रात को थाना बाबरी पुलिस को सूचना मिली कि गांव बंतीखेड़ा के जंगल में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस ने मौके से चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। नाम शाहरुख निवासी मोहल्ला छत्ता ननौता जनपद सहारनपुर, जाहिद निवासी मोहल्ला नाइयों वाली ननौता जनपद सहारनपुर, अनस निवासी मोहल्ला कस्साबान थानाभवन और तैय्यब निवासी मोहल्ला जामिन अली जलालाबाद हैं। एसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे रात में बिना नंबर की गाड़ी को लेकर देहात क्षेत्र में निकलते हैं और मौका पाकर जंगल में बिजली की एलटी लाइन के तार झूला डालकर काट लेते हैं। तार को गाड़ी में लादकर कबाड़ी को ले जाकर बेच देते हैं।
इससे पूर्व उन्होंने जनपद सहारनपुर के थाना ननौता, गागलहेड़ी व थाना नागल क्षेत्र में भी इस प्रकार की घटनाएं की हैं। करीब 20-25 दिन पहले थाना तितावी के गांव नसीरपुर, लडुवा व कुलहेड़ी के जंगल में लगे ट्रांसफार्मर से सामान चोरी किया था। गांव बुड़ीना खुर्द के जंगल से भी ट्रांसफार्मर का सामान चोरी किया था। इसके अलावा बाबरी क्षेत्र के जंगलों से भी पूर्व में कई स्थानों पर बंद पड़ी एलटी लाइन के तार काटकर चोरी किए थे। बाबरी थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनस की थानाभवन में कबाड़ की दुकान है। चोरी के तार वह अपनी दुकान पर बेचता रहा है। इसके साथ ही अनस की पत्नी वार्ड तीन से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ी थी, जो हार गई थी।