संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। चार दिन पहले शहर के मोहल्ला दयानंद नगर निवासी ई रिक्शा चालक संदीप कर्णवाल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद उसके दो दोस्तों ने ही उसकी हत्या की थी।
पुलिस ने उसके दोस्त गौरव उर्फ लक्की निवासी दयानंद नगर और सुशील निवासी गांव बहावड़ी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले संदीप की छाती पर पेचकस से वार किए और उसकी शर्ट से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस लाइन में सोमवार को एसपी रामसेवक गौतम ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनकी ई-रिक्शा चालक संदीप से 15 साल से दोस्ती थी। गौरव ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व होली से पहले वह संदीप के मकान पर उसके साथ शराब पी रहा था। नशा ज्यादा होने पर संदीप ने उसके गिलास में पेशाब कर दिया था।
इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। कई दिन तक दोनों की आपस में बोलचाल भी बंद रही थी।
एसपी के मुताबिक गौरव ने सुशील को बताया कि संदीप उसे ज्यादा परेशान कर रहा है। इसे लेकर दोनों ने उससे बदला लेने व ई रिक्शा छीनने की योजना बनाई। 20 मार्च को उन दोनों ने बहावड़ी जाने के लिए संदीप को ई रिक्शा लेकर बुलाया और गांव बहावड़ी के जंगल में जाकर तीनों ने शराब पी। शाम को अंधेरा होने पर उन्होंने संदीप के साथ मारपीट कर ई रिक्शा छीनने की कोशिश की तो उसने शोर मचा दिया। गौरव ने संदीप की छाती पर पेंचकस से वार किया।
इसके बाद संदीप के गले में पड़ी चादर से उसका गला गला घोंट दिया। संदीप के विरोध करने पर चादर फट गई थी। फिर उन दोनों ने उसकी शर्ट से गले में फंदा लगाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी ई रिक्शा व मोबाइल लेकर मौके से भाग गए। एसपी ने बताया आरोपियों की निशानदेही पर कैराना रोड पर फैक्टरी एरिया में छिपाकर खड़ी गई ई रिक्शा व पेंचकस बरामद कर लिया जबकि मोबाइल को नाले में फेंकना बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने ई रिक्शा इसलिए लूटी थी कि उसे बेचकर जो रुपये मिलेंगे उससे शराब पी लेंगे व अन्य जरूरतों को पूरा कर लेंगे। ई रिक्शा की बैटरी उन्होंने पांच हजार बेच दी थी। बैटरी को बरामद कर लिया।