कैराना। थ्री व्हीलर में सब्जी भरकर मंडी ले जा रहे किसान को आधा दर्जन हथियार बंद बदमाशों ने लूट लिया। विरोध करने पर किसान पर छुरे से वार करके घायल कर दिया। उसे जमीन पर गिराकर रस्सी से गला घोंटने का प्रयास किया।
मोहल्ला दरबार खुर्द रेतावाला निवासी नसीम ने बताया कि सोमवार रात नौ बजे उसका भाई बशीर मोहल्ला रेतावाला में मुगल गार्डन से आगे स्थित खेत से थ्री व्हीलर में गोभी भरवा रहा था।
इस दौरान वहा आधा दर्जन हथियार बंद बदमाश पहुंच गए। उसके भाई से 1360 रुपये और घड़ी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने बशीर पर छुरे से वार करके घायल कर दिया। साथ ही बदमाशों ने उसे जमीन पर गिरा दिया तथा रस्सी से गला दबाकर मारने का प्रयास किया।
इसी बीच थ्री व्हीलर चालक वहां पहुंच गया और शोर मचा दिया। जिस पर बदमाश धमकी देते हुए भाग गए। चालक ने बशीर को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस ने रात में ही अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली।