शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव झाल में एक ग्रामीण पर तीन लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। परिजनों ने गंभीर हालत में उनको सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस में एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव झाल निवासी अरुण कुमार ने बताया कि उनके बाबा कृष्णदत्त बृहस्पतिवार रात को घर की गैलरी में सोए हुए थे, जबकि उनकी दादी प्रकाशी अंदर कमरे में सो रही थी। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जब वह जागा तो उसने अपने बाबा को आवाज लगाई, तो वे बोल नहीं सके। इसके बाद उसने गैलरी में जाकर देखा तो वे चारपाई पर खून से लथपथ पड़े थे। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। घटना की सूचना डायल-100 पर देते हुए गंभीर हालत में उन्हें शामली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। पीड़ित के मुताबिक मेरठ ले जाते समय रास्ते में उनके बाबा ने उन्हें बताया कि रात में गांव के नीटू और दो अज्ञात ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया था और उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।