जालसाजी कर तीन ग्राहकों ने बैंक से लिया कर्ज
कांधला (शामली)। पंजाब नेशनल बैंक से धोखाधड़ी कर गांव चढ़ाव निवासी तीन लोगों ने लाखों रुपये का ऋण ले लिया। बैंक को जानकारी होने के बाद अधिकारियों में खलबली मच गई। शाखा प्रबंधक ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव चढ़ाव निवासी सतपाल, विनोद और नवाब ने दो माह पूर्व कस्बे के मोहल्ला सरावज्ञान स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में पहुंचकर ऋण लेने के फील्ड ऑफिसर से बात की। पूरे मामले की जानकारी लेते हुए तीनों ने बैंक से 15 लाख रुपये के ऋण के लिए बात कर ली। फील्ड ऑफिसर से इन लोगों ने ऋण के बदले अपनी जमीन को बैंक में धरोहर के रूप में रखने की बात कही ओर इस तरह से धोखाधड़ी करके तीनो ने बैंक से 16 लाख 50 हजार रुपये का ऋण ले लिया। कुछ समय बीत जाने के बाद जब तीनों लोगों ने ही बैंक में अपनी अपनी किश्तें नहीं जमा कराई, तो बैंक के द्वारा उनके बारे में जानकारी हासिल की गई । बैंक प्रबंधक के अनुसार गांव से मालूम हुआ कि उनमें से केवल एक व्यक्ति के पास जमीन है ओर वो भी केवल एक बीघा, जिसको व्यक्ति ने ठेके पर दे रखा है। इस मामले को लेकर बैंक में शाखा प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर में आरोप-प्रत्यारोप को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। अन्य कर्मचारियों के मामले में हस्तक्षेप किए जाने पर मामला शांत हुआ। इस मामले में बैंक शाखा प्रबंधक सुशील कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली ह।ै जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।