थाना क्षेत्र के कनैला बाजार में स्थित एक मिठाई की दूकान और तेजापुर गांव में स्थित इंटर कालेज का ताला तोड़कर बुधवार की रात चोर भीतर घुसे और 93 हजार रुपये नगद और डेढ़ लाख रुपये का सामान और आभूषण चुरा लिया। गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी अच्छेलाल की कनैला बाजार में मिठाई की दूकान है। यहीं पर वह परिवार लेकर रहता भी है। बुधवार की रात अच्छेलाल दूकान बंद कर सो गया। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर दूकान का ताला तोड़कर भीतर घुसे और विक्री के 25 हजार रुपये और एक व्यक्ति से लिए गए 68 हजार रुपये नगद और एक लाख रुपये का आभूषण चुरा लिया। इसीक्रम में अतरौलिया थाना क्षेत्र के तेजापुर गांव में स्थित जनता जर्नादन इंटर कालेज के कार्यालय का ताला तोड़कर भीतर घुसे चोर करीब 30 हजार रुपये मूल्य का विद्युत तार चुरा लिया। गुरुवार की सुबह कालेज खुलने पर प्रधानाचार्य नर्मदा सिंह को जानकारी हुई तो उन्होंने अतरौलिया थाने में तहरीर दी। सीओ बूढनपुर शिवनाथ गुप्ता ने बताया कि दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर मिल चुकी है लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।