जलालाबाद। निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए हसनपुर लुहारी में लोगों ने सड़क का निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप व ग्रामीणों की सुविधा के अनुसार नहीं होगा, तब तक निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी में ग्राम पंचायत की ओर से सीसी व इंटरलाक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क गंजा चौक से शुरू होकर बस स्टैंड तक कराया जा रहा है। शनिवार को पूर्व प्रधान सतीश सैनी, सुमित सैनी, अमित कुमार, रोबिन आदि के नेतृत्व में दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे और सड़क का निर्माण कार्य रुकवा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार पुरानी सड़क को तोड़े बगैर उसके ऊपर ही नई सामग्री डाल रहा है। इससे सड़क की ऊंचाई अधिक हो जाएगी और दोनों ओर लोगों के मकान गहराई में आ जाएंगे। इससे सड़क मजबूत भी नहीं होगी।
बताया कि ठेकेदार को पहले पुरानी सड़क को तोड़ना चाहिए उसके बाद ही नई सड़क का निर्माण करना चाहिए।
अब यदि इस प्रकार सड़क बनाई जाती है तो बरसात के दिनों में लोगों के घरों में पानी घुसेगा। कहा कि जब तक पुरानी सड़क को नहीं तोड़ा जाएगा तब तक वह सड़क का निर्माण नहीं होने देंगे।