शामली। दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे की खेड़ी करमू और लिलौन गांव में करीब 2.5 किमी लंबी सड़क का निर्माण डेढ़ साल बाद भी पूरा नहीं हो सका। धीमी गति से निर्माण चलने से पैदल व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।
दिल्ली-शामली-सहारनपुर मार्ग दो चरणों में बनना है। पहला चरण बागपत से शामली बाइपास के बलवा गांव की सीमा तक, दूसरे चरण में शामली बाइपास से सहारनपुर बाइपास तक फोरलेन का कार्य पूरा होना है। बाइपास के बीच में बलवा गांव से लेकर साईधाम तक खस्ताहाल सड़क के निर्माण का प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बागपत इकाई की ओर से तैयार कराया गया था। डेढ़ साल से लिलौन गांव से लेकर करमू खेड़ी तक सड़क निर्माण नहीं होने से धूल उड़कर ग्रामीणों के घरों में जा रही है। बरसात के दिनों में दोनों गांवों की सड़कों पर पानी भरने और दलदल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नाला निर्माण भी कई जगह अधूरा है। शामली नगर पालिका परिषद की सीमा खत्म होने के बाद खेड़ी करमू गांव सीमा से लेकर पेट्रोल पंप तक एक साइड में सीमेंट की टाइल्स बिछाई जा रही हैं। करमू खेडी से लिलौन गांव तक सड़क पूरी तरह खत्म हो चुकी है। बलवा गांव की साइड से लेकर लिलौन गांव में मात्र 200 मीटर तक एक साइड में सीमेंट की टाइल्स बिछाई गई हैं। लिलौन गांव में सीमेंट की टाइल्स बिछाने के लिए जेसीबी से मिट्टी को समतल किया जा रहा है लेकिन कार्य बहुत धीमा होने से धूल उड़कर घरों में जा रही है।
------------
सड़क ऊंची, मकान हो गए गहरे
शामली। करमूखेड़ी गांव में सीमेंट की टाइल्स बिछाए जाने से गुजरने वाले वाहन इनके ऊपर से जा रहे हैं। दोनों ओर गड्ढे होने से वाहनों का एक पहिया सड़क तथा दूसरा पहिया गहरे गड्ढे से होकर जाता है, जिससे हादसा हो सकता है। दूसरी ओर खेड़ी करमू और लिलौन गांव के मकान सड़क से काफी गहरे हो गए हैं। सड़क और नाला ऊंचा बनने से दोनों गांव के कई मकान की ऊंचाई कम हो गई है।
---------------
धूल उड़ने से दुकानों पर बिक्री प्रभावित
फोटो
शहर निवासी आलोक गोयल की करमू खेड़ी गांव में किरयाना की दुकान है। उनका कहना है कि डेढ़ साल से मार्ग का ठेकेदार सिर्फ नाले का निर्माण करा पाया है। इस माह में ठेकेदार ने सीमेंट की ईंट बिछाने का कार्य किया है। सड़क की धूल उड़कर दुकान के अंदर आ रही है, जिससे किरयाना का सामान खराब हो जाता है। बिक्री प्रभावित हो रही है।
------------
थोड़ी सी बारिश से सड़क में बन जाती है दलदल
फोटो
लिलौन गांव निवासी चाय विक्रेता ब्रह्मपाल का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होने पर सड़क पर फैली मिट्टी से दलदल बन जाती है। सड़क ठेकेदार द्वारा दुकान के पास नाले का निर्माण अधूरा छोड़ दिया है। धूल उड़ने से खाने पीने की वस्तु खराब होने से बिक्री पर असर पड़ रहा है।
------------
जगह-जगह नाले का कार्य अधूरा
फोटो
लिलौन गांव की प्रधान मुनेश चौधरी के पति अनिल कुमार का कहना है कि गांव में आठ मीटर नाला वाहन से क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क ठेकेदार द्वारा क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत नहीं कराई गई है। इस संबंध में डीएम व एडीएम शामली से मिलकर समस्या से अवगत कराएंगे। गांव का पानी सड़कों पर भर जाता है। नाला गंदगी से अटा पड़ा है।
-----------------
रूट डायवर्जन होता तो सड़क बन जाती
दिल्ली- शामली-सहारनपुर फोरलेन का करमूढ़ खेड़ी-लिलौन गांव में रूट डायवर्जन का विकल्प नहीं है। वाहनों का रूट डाइवर्जन न होने से सड़क निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है। वाहनों का लगातार संचालन होने से सड़क निर्माण में बाधा आ रही है।
- संजय मिश्रा, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआई बागपत इकाई।
शामली क्षेत्र के लिलौन गांव में अधूरा पडा नाला- फोटो : SHAMLI
शामली क्षेत्र के गांव करमूखेडी में सडक से नीचे आये माकान- फोटो : SHAMLI