कैराना में इको गाड़ी में आग लगने से जलकर नष्ट हुई इको गाड़ी-संवाद
कैराना। रेत से लदे डंपर की पीछे से टक्कर लगने पर कार में आग लग गई। कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। आग से कार चालक और साथ रहा युवक मामूली झुलस गया। दोनों ने कार से कूदकर जान बचाई। घायल चालक को मेरठ मेडिकल रेफर किया गया है, जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
शामली निवासी वसीम बुकिंग पर इको कार चलाता है। शामली निवासी प्रशांत ने वसीम की कार को पानीपत के लिए बुक किया था। मंगलवार दोनों कार से पानीपत जा रहे थे। जब वे कैराना के पास पानीपत बाईपास पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे रेत से लदे डंपर ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर कार का सीएनजी का टैंक फट गया तथा उसमें आग लग गई। आग लगने पर चालक डंपर को लेकर मौके से फरार हो गया। आग में चालक वसीम बुरी तरह झुलस गया। जबकि प्रशांत भी आग से मामूली रूप से झुलस गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार आग से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने वसीम को मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया।