विद्युत बकायेदारों के खिलाफ चलाया अभियान
शामली, कैराना। एक लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों के खिलाफ विद्युत निगम की टीम ने नगर व देहात क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान करीब 25 बकायेदारों के बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटे गए। वहीं 5.10 लाख रुपये बकायेदारों से वसूल किए गए।
बुधवार को अधिशासी अभियंता रविंद्र प्रकाश के निर्देश पर एसडीओ गुरदीन प्रजापति के नेतृत्व में कस्बे के मोहल्ला अफगानान, इस्लाम नगर देहात व भूरा चुंगी पर विद्युत निगम की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान एक लाख रुपये से अधिक के 11 बकायेदारों के बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटे दिए गए। वहीं बकायेदारों से करीब साढे़ चार लाख रुपये की वसूली भी की गई।
दूसरी ओर, गांव अकबरपुर सुन्हैटी, बरनावी व दभेड़ी खुर्द में अधीक्षण अभियंता राम कुमार के नेतृत्व में विद्युत निगम की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान 1.14 लाख रुपये से अधिक के 14 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। अवर अभियंता रवि वर्मा ने बताया कि 12 बकायेदारों ने ब्याज की छूट मिलने पर ओटीएस का फायदा उठाते हुए अपने पंजीकरण कराए और 60 हजार रुपये जमा किए। इस दौरान अवर अभियंता राहुल कुमार, कंवर अली, लाइनमैन अखलाक व जावेद आदि मौजूद रहे।