शामली। दस दिवसीय दीपावली प्रोत्साहन योजना के तहत की बसों के फेरे बढे़ंगे। देर रात तक यूपी रोडवेज की बसों की सेवाएं संचालित होंगी। योजना के तहत चालकों-परिचालकों और डिपो में कार्यरत कर्मचारियों के लिए अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यूपी रोडवेज के लखनऊ मुख्यालय से दस दिवसीय दीपावली प्रोत्साहन योजना दो नवंबर से लेकर 11 नवंबर तक संचालित करने के निर्देश दिए हैं। यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक ने बुधवार को दीपावली प्रोत्साहन योजना का आदेश जारी करके अवगत कराया कि योजना के तहत चालकों-परिचालकों व डिपो में कार्यरत कर्मचारियों के लिए अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया है। योजना के तहत 300 किमी प्रतिदिन और उससे अधिक संचालित करने वाले चालकों परिचालकों को 400 रुपये प्रतिदिन अथवा दस दिन में चार हजार प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
निगम मुख्यालय के प्रबंध निदेशक का दीपावली प्रोत्साहन योजना का आदेश जिला मुख्यालय को प्राप्त हो गया है। शामली रोडवेज बस अड्डे के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र चौहान ने बताया कि योजना के तहत यूपी रोडवेज बसो के फेरे बढ़ाकर आय बढ़ाई जाएगी। सवारियों की सुविधाओं को देखते हुए यूपी रोडवेज की बसों का संचालन देर तक किया जाएगा।