गढ़ीपुख्ता। थानाक्षेत्र में गंदेवड़ा संगम पर बृहस्पतिवार रात को जिला पंचायत शामली द्वारा प्रकाष्ठ (लकड़ी) की निगरानी हेतु अधिकृत चेक पोस्ट पर तैनात कर्मचारियों के साथ बाइक सवार छह युवकों पर मारपीट व अभद्रता करने का आरोप है। कर्मचारियों की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।
चेकपोस्ट पर तैनात कर्मचारी अमित सैनी, विशाल सैनी और शिवम सैनी ने बताया कि वे रोज की तरह ट्रकों की पर्ची काट रहे थे। उसी दौरान एक ट्रक चालक से उन्होंने पर्ची बनाने की बात कही तो उसने बताया कि उसकी पर्ची पहले ही कट चुकी है। उसी दौरान दो बाइकों पर आए छह युवकों ने उनके साथ अभद्र भाषा में बात की और किसी को पर्ची नहीं काटने देने की धमकी दी।
आरोपी युवक नशे की हालत में लग रहे थे। ट्रक चालक ने उन युवकों से कोई वास्ता न होना बताते हुए वहां से चला गया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान छीना झपटी में उनका मोबाइल फोन गुम हो गया। आरोपी युवक देख लेने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। कर्मचारियों के मुताबिक आरोपियों ने अपने को गांव पलठेड़ी का बताया। शिवम की तरफ से गढ़ीपुख्ता थाने पर तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।