कृषि विज्ञान केंद्र का प्रशासनिक भवन बनकर तैयार
शामली। कृषि विज्ञान केंद्र का प्रशासनिक भवन बन कर तैयार हो गया है। पिछले कई माह से उद्घाटन की इंतजार में है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने बताया कि शामली कृषि विज्ञान केंद्र शामली के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण कार्यक्रम जल्द तय किया जाएगा। कार्यक्रम के निर्धारित होने से पहले अधिकारियों को युद्धस्तर पर तैयारी करनी होगी।
गाजियाबाद की सीएनडीएस कंपनी ने 22 फरवरी 2019 को कृषि विज्ञान केंद्र शामली के प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य शुरू किया था। दो साल में निर्माण एजेेंसी ने इसका निर्माण पूरा कर दिया है। निर्माण एजेंसी के अफसरों के मुताबिक प्रभारी कक्ष, सात डॉक्टर रूम, प्रयोगशाला, कांफ्रेंस रूम, एकाउंट कक्ष, किसान मीटिंग हाल का निर्माण किया गया है। जल संचय के लिए शौचालय, सेफ्टी टैंक का निर्माण किया गया है। बारिश का जल संचय के लिए वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लागू किया गया है। शामली कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. सतीशचंद ने बताया कि शामली कृषि विज्ञान केंद्र का भवन अप्रैल माह में निर्माण एजेंसी सीएनडीएस से हस्तांतरित हो चुका है।
प्रशासनिक कार्यालय भवन के लोकार्पण के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के कुलपति डॉ. आरके मित्तल से पत्र लिखकर अनुरोध किया गया था। विश्वविद्यालय की ओर से अगस्त माह के आखिर में दो सितंबर को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यक्रम निर्धारित हुआ था। इसके बाद यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था।
नई तकनीकी से खेती करने की मिलेगी जानकारी
जलालपुर में कृषि विज्ञान केंद्र के लोकार्पण के बाद किसानों को नई तकनीकी से खेती करने का प्रशिक्षण मिलेगा। गेहूं, धान, गन्ना, फल और सब्जियों की उत्पादन करने की जानकारी समय-समय पर कृषि वैज्ञानिक किसानों को देंगे। किसानों को मौसम की जानकारी मिल सकेगी।