शूटिंग प्रतियोगिता में साधे सटीक निशाने
शामली। क्रीड़ा भारती एवं शामली रायफल क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय चतुर्थ रजत निर्वाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि आर्मी मार्क्समेनशिप यूनिट (एएमयू) महू के पूर्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विवेक गुप्ता ने खिलाड़ियों से कहा कि खेल को आनंद के साथ खेलना चाहिए। ऐसा करने से खेल के प्रति खिलाड़ी आस्था और ज्यादा बढ़ती है।
मंगलवार को एमएस फार्म मेें आयोजित उद्घाटन समारोह में कर्नल विवेक गुप्ता ने कहा भारत के खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ रहे हैं। विशिष्ट अतिथि ओलंपियन दीपक कुमार ने खिलाड़ियों से अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि खिलाड़ी को खेल के परिणाम से नहीं घबराना चाहिए, खिलाड़ी वो ही होता है, जो खेल खत्म होने तक जीतने का प्रयास करता है। सीडीओ शंभुनाथ तिवारी ने प्रतियोगिता में आए प्रशिक्षकों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के संयोजक शामली रायफल क्लब अध्यक्ष एवं क्रीड़ा भारती के विभाग संयोजक मुकेश चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में पहले दिन यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान के करीब 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। संयोजक मुकेश चौधरी ने बताया कि पहले दिन के परिणाम में एयर रायफल आईएसएसएफ वर्ग मे शामली के पीयूष शर्मा 595/600 अंकों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। एयर पिस्टल आईएसएसएफ वर्ग में हिमांशु कुमार शामली 564/600 अंकों के साथ, एयर पिस्टल एनआर जूनियर वर्ग में हर्षित चौधरी गाजियाबाद 381/400 अंकों के साथ, एयर पिस्टल आईएसएसएफ वर्ग में विपिन दांगी बागपत 565/600 अंकों के साथ, एयर रायफल एनआर यूथ बालिका वर्ग में प्रिया यादव 367/400 अंकों के साथ, एयर रायफल एनआर यूथ पुरुष वर्ग में प्रशांत शर्मा 386/400 अंकों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में तपन मलिक, सुधीर तोमर, हसन मलिक, संजय यादव, अनु तोमर, सिंपल चौधरी, हरविजय राणा, बाला रानी, विशाल मलिक आदि रहे। कार्यक्रम में अभिनव निर्वाल, डॉ. सतेंद्र वर्मा, लक्ष्मण सिंह, विनय सिवाच, प्रियंका मित्तल, सीमा चौहान, योगराज सिंह, राजेश बजाज, निखिल पंवार, कुनाल मलिक आदि मौजूद रहे।