शामली। जिले में पहले दिन 15 से 18 साल के किशोरों को कोरोनारोधी टीके लगाने का अभियान शुरू हुआ। पहले दिन जिले में 21 बूथों पर 4200 के लक्ष्य के सापेक्ष 43.2 प्रतिशत टीकाकरण हुआ।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए सोमवार से 15 से 18 साल के किशोरों के शुरू हुए अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें सुबह दस बजे बूथों पर पहुंच गई थी। जिले में पहले दिन 21 बूथों पर टीकाकरण किया गया। किशोरों के लिए अलग बूथ बनाए गए थे। किशोरों को कोवैक्सीन का टीका लगाया गया। बूथों पर ऑनलाइन पंजीकरण के अलावा ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन किए गए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि जिले में सभी सीएचसी के अलावा कालेजों में टीकाकरण बूथ बनाए गए थे। कालेजों में टीका लगवाने वाले छात्र-छात्राओं ने लाइन में लगकर टीकाकरण कराया। प्रत्येक बूथ पर 200 किशोरों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। सुबह से ही बूथों पर किशोर को टीका लगवाने पहुंचने शुरू हो गए थे। जिले में सभी बूथों पर 1816 किशोरों को कोवैक्सीन की पहली डोज का टीका लगा है। इस तरह से शाम पांच बजे तक 4200 के लक्ष्य के सापेक्ष जिले में 43.2 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है।
छात्र-छात्राओं में टीका लगवाने को दिखा उत्साह
शामली। किशोरों को टीकाकरण अभियान शुरू होने पर छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा। उनका कहना था कि कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाना जरूरी था। सरकार ने टीका लगवाने की अच्छी शुरूआत की है।
देवी उमराकौर कालेज बनत में बूथ पर कक्षा 11 की छात्रा सोनी मलिक व तनु ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में कोवैक्सीन का टीका कवच का काम करेगा। यह जरूरी थी। सरकार ने समय पर टीकाकरण शुरू किया है। उन्हें टीका लगवाने के बाद कोई परेशानी नहीं हुई और न ही पहले से कोई घबराहट थी।
हिंदू कन्या इंटर कालेज पर बनाए गए बूथ पर टीका लगवाने वाली वैष्णवी व प्राची ने कहा कि किशोरों को पहले ही टीका लगाना चाहिए था, लेकिन अभी भी समय है कि संभावित कोरोना की तीसरी लहर से पहले टीकाकरण शुरू हो गया। इसका काफी समय से इंतजार किया जा रहा था। टीका लगने से कोरोना से बचाव होने में मदद मिलेगी। सरकार का टीका लगाने का निर्णय सही है। टीका लगवाने के बाद उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।
18 साल से अधिक आयु के लोगों में 41.90 प्रतिशत टीकाकरण
शामली। जिले में 18 साल से अधिक आयु के लोगों को 64 बूथों पर टीके लगाए गए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि सभी बूथों पर 14800 लोगों को टीके लगाए गए। इनमें 2457 लोगों को पहली डोज और 3744 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है। इस तरह से जिले में 6201 लोगों को टीके लगे हैं। लक्ष्य के सापेक्ष 41.90 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में 615 वॉयल खर्च हुई है।